Press "Enter" to skip to content

बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब, तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों उपमुख्यमंत्रियों पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब शारीरिक और मानसिक रूप से उतने सक्रिय नहीं हैं जितने पहले हुआ करते थे। उनकी याददाश्त और पकड़ दोनों कमजोर हो चुकी है, जिसका सीधा फायदा अपराधी उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में अब ‘इकबाल’ खत्म हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर गोलियां बरसा रहे हैं।

तेजस्वी ने न केवल मुख्यमंत्री बल्कि बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब राज्य में गोलियां चलती हैं, तो सत्ता में बैठे लोग जिम्मेदारी लेने के बजाय एक-दूसरे का मुंह ताकते हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे पर तेजस्वी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे पूरी तरह से बंगाल चुनाव से प्रेरित बताया। तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी सीमांचल के जरिए बंगाल की चुनावी बिसात बिछाने की कोशिश कर रही है, जबकि बिहार की समस्याओं से उन्हें कोई सरोकार नहीं है।

तेजस्वी ने कहा कि बिहार में ‘लॉ एंड ऑर्डर’ पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है और अब इसकी जगह ‘क्रिमिनल डिसऑर्डर’ ने ले ली है। अपराधी जिसे चाहते हैं, जहां चाहते हैं, सरेआम गोली मार देते हैं। प्रशासन का डर अपराधियों के मन से निकल चुका है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

BiharNewsPost
The BiharNews Post

बिहार न्यूज़ पोस्ट - बिहार का नं. 1 न्यूज़ पोर्टल !

More from खबर बिहार कीMore posts in खबर बिहार की »