गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में दिनदहाड़े लूट की कोशिश की गई, जिसमें एक अपराधी ने बैंक के गार्ड विनोद कुमार सिंह पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, हेलमेट पहने दो लोगों ने बैंक में घुसने का प्रयास किया, लेकिन जब गार्ड विनोद कुमार सिंह ने उन्हें रोककर हेलमेट हटाने को कहा, तो अपराधियों में से एक ने उस पर गोली चला दी। गोली गार्ड के कंधे के पास लगी, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के बाद, अपराधियों ने भागते समय दो राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डकैती के प्रयास में तीन शख्स शामिल थे, जिनमें से एक पहले से ही बैंक के अंदर बैठा था, जबकि दो हेलमेट लगाकर अंदर आ रहे थे।
बैंक कर्मियों ने घटना की सूचना महागामा थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। महागामा के सीडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि गार्ड को कंधे में गोली लगी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।