Press "Enter" to skip to content

बिहार में आग उगलने लगा सूरज, 5 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी

बिहार में मार्च के महीने में होली की हल्की गुलाबी ठंड का अहसास होता था, लेकिन इस बार फरवरी बीतते ही सूरज आग उगलने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में पारा 33 डिग्री के पार जा चुका है और दोपहर की धूप अब बदन झुलसाने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा, लेकिन 10 मार्च को सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार में हल्की बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना है।

राज्य में दिन के समय धूप की तीखी तपिश लोगों को परेशान करने लगी है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। बीते 24 घंटों में बांका में सबसे ज्यादा 33.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि पटना, गया और मुजफ्फरपुर समेत कई शहरों में दोपहर के समय गर्मी साफ महसूस की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में अभी भी सुबह और देर रात हल्की ठंडक बनी हुई है।

मौसम विभाग ने 10 मार्च को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। बिहार के सीमांचल और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम पलटी मारेगा। सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के इस बदलाव को देखते हुए सतर्क रहें।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। एक सप्ताह के भीतर कई जिलों में तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस साल का वेदर पैटर्न बेहद पेचीदा नजर आ रहा है। ला-नीना के कमजोर पड़ने और हिंद महासागर की तटस्थ स्थिति के कारण 2026 में मानसून का गणित बिगड़ सकता है। आशंका जताई जा रही है कि उत्तर बिहार जहां बाढ़ की चपेट में आ सकता है, वहीं दक्षिण बिहार को सूखे का सामना करना पड़ सकता है। आने वाले दिनों में जल संकट गहराने की भी चेतावनी दी गई है।

BiharNewsPost
The BiharNews Post

बिहार न्यूज़ पोस्ट - बिहार का नं. 1 न्यूज़ पोर्टल !

More from खबर बिहार कीMore posts in खबर बिहार की »