प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी दो दिवसीय इज़राइल यात्रा पर बुधवार को इज़राइल पहुंचे। एयरपोर्ट पर इज़राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और गले लगाकर अभिवादन किया। नेतन्याहू अपनी पत्नी सारा के साथ हवाई अड्डे पर पीएम मोदी की अगवानी के लिए मौजूद थे।
यह पीएम मोदी की दूसरी इज़राइल यात्रा है, जो साल 2017 के बाद हो रही है। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा उनके मित्र प्रधानमंत्री नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इज़राइल की संसद नेसेट को संबोधित करेंगे, जो एक ऐतिहासिक क्षण होगा और इसके साथ ही वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे जो नेसेट को संबोधित करेंगे।
इज़राइली मीडिया ने पीएम मोदी के दो दिवसीय दौरे को भारत-इज़राइल द्विपक्षीय संबंधों में एक ऐतिहासिक क्षण बताया है। संसद भवन की ओर जाने वाली सड़कों के किनारे भारतीय और इज़राइली झंडे लगाए गए हैं और नेसेट को भारत के तिरंगे से रोशन किया गया है। इज़राइली मीडिया ने यह भी कहा है कि एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग और साइबर सुरक्षा में उच्च स्तरीय सहयोग के साथ-साथ रक्षा संबंधों में संयुक्त उत्पादन की ओर बढ़ने पर भारत-इज़राइल संबंध और मजबूत होंगे।
अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी इज़राइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।