पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित IQ City Medical College Hospital में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। बिहार के पटना निवासी 22 वर्षीय लावण्या प्रताप, जो द्वितीय वर्ष के मेडिकल छात्र थे, हॉस्टल के बाथरूम में फंदे से लटके पाए गए। घटना के बाद पूरे कैंपस में शोक और सनसनी का माहौल है।
सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। एसीपी सुबीर रॉय के अनुसार, अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम दुर्गापुर उपजिला अस्पताल में कराया जाएगा। पुलिस सहपाठियों और करीबी दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
परीक्षा के दबाव में उठाया कदम?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र लगातार परीक्षाओं में असफल हो रहा था और एक भी सेमेस्टर पास नहीं कर पाया था। बताया जा रहा है कि रिजल्ट रिव्यू की प्रक्रिया चल रही थी, जिससे वह मानसिक दबाव में था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और किसी अन्य कारण की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।
मृतक के पिता अनिल कुमार ने बताया कि बेटे की परीक्षा ठीक नहीं गई थी और संभवतः उसी तनाव में उसने यह कदम उठाया।
कॉलेज प्रशासन की चुप्पी
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। छात्र का शव फिलहाल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। परिवार के दुर्गापुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पहले भी सुर्खियों में रहा कॉलेज
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में इसी कॉलेज की एक प्रथम वर्ष छात्रा के साथ कैंपस के बाहर दुष्कर्म की घटना सामने आई थी, जिसमें कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी और मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।
यह घटना मेडिकल शिक्षा संस्थानों में छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और काउंसलिंग सुविधाओं की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।