बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एनडीए ने अपने उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर दिए हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया गया है। वे एनडीए समर्थित प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए राज्यसभा की पांचों सीटों पर नामांकन करेगा। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उम्मीदवार होंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि रालोमो की ओर से उपेंद्र कुशवाहा नामांकन करेंगे। पांचवें प्रत्याशी के तौर पर भाजपा के शिवेश कुमार का नाम सामने आया है।
एनडीए के फार्मूले के तहत भाजपा के 2, जदयू के 2 और रालोमो के 1 उम्मीदवार मैदान में होंगे। सभी उम्मीदवार 5 मार्च को नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार के नाम पर मुहर लगाई थी।
राज्यसभा चुनाव को लेकर अब तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। 5 मार्च को सभी उम्मीदवार नामांकन करेंगे। एनडीए के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के बाद विपक्षी दलों को भी अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करनी होगी।