नालंदा जिले के सरमेरा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है, जहां दुर्गा मंदिर के पास स्थित तालाब में डूबने से दो किशोरियों की मौत हो गई। यह घटना सोमवार दोपहर को हुई, जब गांव में एक शादी का कार्यक्रम चल रहा था।
मृतकों की पहचान सरमेरा गांव निवासी रामबली राम की 14 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी और दुखन राम की 12 वर्षीय पुत्री राधा कुमारी के रूप में हुई है। दोनों एक ही मोहल्ले की रहने वाली थीं और आपस में अच्छी दोस्त बताई जाती हैं।
बताया जा रहा है कि मोहल्ले में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें शादी की विधि-विधान के लिए दोनों किशोरियां अन्य महिलाओं के साथ दुर्गा मंदिर के पास तालाब पर गई थीं। पूजा समाप्त होने के बाद महिलाएं वापस लौट आईं, लेकिन भीड़-भाड़ में दोनों किशोरियां वहीं रह गईं।
जब दोनों किशोरियां घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला, तो तालाब में डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की, जिसमें लंबी खोजबीन के बाद दोनों किशोरियों के शव तालाब के पानी में डूबे मिले।
ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरमेरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ स्थित मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जाता है कि दोनों किशोरियों के पिता बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। खुशबू कुमारी की मां की मौत करीब 12 साल पहले ठनका (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से हो गई थी। इस घटना ने पूरे मोहल्ले को गमगीन कर दिया है।
दो मासूम जिंदगियों के यूं अचानक खत्म हो जाने से पूरे सरमेरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं। यह घटना नालंदा जिले में एक बड़ी त्रासदी के रूप में देखी जा रही है, जिसने दो परिवारों को गहरा दुख पहुंचाया है।
Be First to Comment