जनगणना 2027 की तैयारी तेज हो गई है, और सरकार ने पहले चरण के लिए अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (FAQ) की सूची जारी की है। इस सूची में लोगों के सवालों का जवाब दिया गया है, जिससे वे देश की 16वीं जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले सवालों का आसानी से उत्तर दे सकें।
सेल्फ एन्यूमरेशन के लिए पोर्टल खोल दिया गया है, जो जनगणना के दोनों चरणों ‘हाउसलिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना’ (एलएलओ) और जनसंख्या गणना के लिए उपलब्ध होगा। स्व-गणना की अवधि 1 अप्रैल से शुरू होगी और 15 अप्रैल तक चलेगी, जिसके बाद 16 अप्रैल से 15 मई तक घर-घर जाकर जनगणना की जाएगी।
पहले चरण में व्यक्तिगत जानकारी नहीं ली जाएगी, बल्कि घरों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और परिवारों के पास मौजूद संपत्तियों से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। पहले चरण में पूछे जाने वाले प्रश्नों में घर के फर्श और छत में इस्तेमाल सामगी, वहां रहने वाले विवाहित जोड़ों की संख्या, परिवार के मुखिया का लिंग, उपभोग किए जाने वाले अनाज का प्रकार, वाहनों के प्रकार शामिल होंगे।
प्रश्नों की शुरुआत भवन संख्या, जनगणना मकान संख्या, और घर के फर्श, दीवार और छत में उपयोग की गई प्रमुख सामग्री पूछने से होगी। इसके बाद जनगणना करने वाले घर के उपयोग, उसकी स्थिति, और उसमें सामान्य रूप से रहने वाले व्यक्तियों की संख्या के बारे में पूछेंगे। अधिकारी परिवार के मुखिया के बारे में नाम और लैंगिक पहचान की जानकारी भी जुटाएंगे।
लिव-इन में रहने वाले दो लोग एक-दूसरे को हमेशा के लिए अपना मानते हैं तो उन्हें जनगणना के दौरान विवाहित जोड़ा माना जाएगा। यह जानकारी अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (FAQ) में दी गई है, जो पोर्टल पर उपलब्ध है।