सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया है। यह याचिका विश्व यादव परिषद की ओर से दाखिल की गई थी, जिसमें फिल्म के शीर्षक को यादव समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया था। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि फिल्म के शीर्षक में ऐसा कुछ नहीं है जो यादव समुदाय को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करता हो।
न्यायमूर्ति बी वी नागरत्ना और उज्जल भुइयां की पीठ ने कहा कि किसी फिल्म का शीर्षक मात्र इस आधार पर असंवैधानिक नहीं ठहराया जा सकता कि उससे किसी समुदाय की छवि खराब होने की आशंका जताई जा रही है। अदालत ने यह भी कहा कि रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री देखने के बाद वह यह समझने में असमर्थ है कि फिल्म का शीर्षक किस तरह यादव समुदाय को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करता है।
याचिकाकर्ता ने अदालत में दलील दी थी कि फिल्म पूरी तरह काल्पनिक नहीं, बल्कि एक वास्तविक घटना से प्रेरित है, जिसमें यादव समाज की एक हिंदू युवती को एक मुस्लिम युवक के साथ प्रेम संबंध में दिखाया गया है। उन्होंने कहा था कि लड़की के किरदार को जैसे फिल्माया गया है, वह आपत्तिजनक है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया था कि वह दो समुदायों के बीच इस तरह के विवाह का विरोध नहीं करते।
अदालत ने फिल्म बैंडिट क्वीन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस मामले में भी गुर्जर समुदाय की छवि को लेकर आपत्तियां उठी थीं, लेकिन अदालत ने हस्तक्षेप से इनकार किया था। अदालत ने अंत में दोहराया कि केवल आशंका या संवेदनशीलता के आधार पर किसी फिल्म के शीर्षक या प्रदर्शन पर रोक नहीं लगाई जा सकती, जब तक कि अनुच्छेद 19(2) के तहत स्पष्ट प्रतिबंध लागू न हों।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी थी कि फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है और यदि बाद में कुछ आपत्तिजनक पाया गया तो उन्हें दोबारा अदालत आने की अनुमति दी जाए। इस पर अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा, ‘थोड़ी मोटी चमड़ी रखिए। यह फिक्शन है। एक हफ्ते में सब खत्म हो जाएगा। आजकल कोई भी थिएटर नहीं जा रहे। सभी फोन पर देख रहे हैं।’
फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ का निर्देशन अंकित भड़ाना ने किया है, जबकि संदीप तोमर निर्माता हैं और कविता सह-निर्माता हैं। फिल्म में प्रगति तिवारी, विशाल मोहन, अंकित भड़ाना, सुविंदर विक्की, मानसी रावत और दीपक कपूर प्रमुख किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है।