सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी अपने मामा के साथ सामान्य तरीके से सड़क पर चल रहा था। दोनों के बीच किसी तरह का विवाद या बहस नजर नहीं आती। करीब 10 सेकेंड तक वे साथ-साथ चलते रहे। मामा को जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल उन पर जानलेवा हमला होने वाला है।
अचानक युवक ने चाकू निकाला और सीधे गर्दन पर वार कर दिया। पहला वार इतना तेज था कि बुजुर्ग संभल भी नहीं पाए।
23 सेकेंड में किए कई वार
पहले वार के बाद आरोपी रुका नहीं। करीब 20 से 25 सेकेंड के भीतर उसने ताबड़तोड़ कई वार किए। बुजुर्ग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी में कोई घबराहट नहीं दिखी। वह कुछ कदम पीछे लौटा, अपने बाल ठीक किए और फिर आराम से टहलते हुए मौके से निकल गया, मानो कुछ हुआ ही न हो।
आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।