इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद वेस्टइंडीज ग्रुप सी की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है। यह टीम की लगातार दूसरी जीत है। दो मैचों में दो जीत के साथ उसके 4 अंक हो गए हैं और +1.625 का नेट रन रेट उसे पहले स्थान पर बनाए हुए है। स्कॉटलैंड की टीम दो मैचों में एक जीत के साथ 2 अंक और +0.950 नेट रन रेट लेकर दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड भी 2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है।
अच्छी शुरुआत के बाद इंग्लैंड की पारी बिखरी
197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत तेज रही। फिलिप साल्ट ने 14 गेंदों में 30 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। जोस बटलर ने 21 रन जोड़े। हालांकि 38 रन पर पहला विकेट गिरने के बाद इंग्लैंड की लय बिगड़ गई। जैकब बेथेल ने 33 रन और सैम कुरेन ने 43 रन की पारी खेलकर मुकाबले को संभालने की कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके। अंततः इंग्लैंड की टीम 166 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे 30 रन से हार का सामना करना पड़ा।